
news voice of india/
कटनी।दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा को अधिक सुलभ, प्रभावी और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला दृष्टिबाधित विशेष विद्यालय एवं पुनर्वास केंद्र, झिंझरी में विश्व ब्रेल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया इस अवसर पर ब्रेललिपि की उपयोगिता, महत्व और दृष्टि दिव्यांग छात्र–छात्राओं के शैक्षणिक सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संचालक राजीव कुमार ने कहा कि ब्रेललिपि दृष्टिबाधित छात्रों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार है।
ब्रेललिपि न केवल पढ़ने-लिखने का माध्यम है, बल्कि यह दृष्टि दिव्यांग जनों को अध्ययन, सूचना और संचार तक समान रूप से पहुँच प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि ब्रेललिपि के माध्यम से दृष्टिबाधित विद्यार्थी स्वतंत्र रूप से पढ़ने-लिखने, नोट्स तैयार करने और अध्ययन करने में सक्षम होते हैं, जिससे उच्च शिक्षा, रोजगार और कैरियर निर्माण के नए अवसर उनके लिए सुलभ होते हैं। विद्यालय निरंतर प्रयास कर रहा है कि दृष्टि दिव्यांग विद्यार्थियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।
ब्रेललिपि: सम्मानजनक जीवन की कुंजी
कार्यक्रम के दौरान अध्ययनरत दृष्टिबाधित विद्यार्थियों ने ब्रेललिपि के महत्व को अपने जीवन से जोड़ते हुए अनुभव साझा किए। किसी ने इसे अपनी “आँखों की तरह” बताया तो किसी ने कहा कि ब्रेललिपि ने उन्हें सामान्य समाज के बीच व्यवस्थित और सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता की उल्लेखनीय है कि जिला दृष्टिबाधित विशेष विद्यालय एवं पुनर्वास केंद्र, झिंझरी कटनी जिले का एकमात्र ऐसा संस्थान है, जहाँ दृष्टि दिव्यांग जनों के लिए समर्पित सुविधाएँ उपलब्ध हैं। विद्यालय में भारत का आठवाँ एक्सटेंशन बुक काउंटर स्थापित है तथा अंतरराष्ट्रीय ब्रेललिपि की पुस्तकें विदेशों से मंगाई गई हैं, जो दृष्टि दिव्यांग जनों के हित में समर्पित हैं इसके साथ ही विद्यालय में दृष्टि दिव्यांग जनों को कुर्सी बुनाई, मोमबत्ती, अगरबत्ती, चाक-बत्ती निर्माण सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान किए जाते हैं, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उपस्थित गणमान्य
कार्यक्रम 4 जनवरी 2026 को आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के कर्मचारी धनश्याम गोल्हानी, राधेश्याम उइके, शिवा सिंह परिहार, दीपा बर्मन, अध्ययनरत छात्र-छात्राएँ तथा सामाजिक न्याय विभाग अधिकारी वा कर्मचारी अमित दुबे, नम्रता चौबे, दिव्यांशु कुररिया, प्रियंका रावत, आदिल खान सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।







