
कटनी। न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया।मध्य प्रदेश सरकार के निर्देश पर जिले में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने कटनी शहर में कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन दुकानों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान 42 किलोग्राम से अधिक सिंगल यूज़ पॉलीथिन, साथ ही थर्मोकोल से बनी प्लेट, कटोरी और डिस्पोज़ल सामग्री जब्त की गई। अधिकारियों के अनुसार, सर्दी के मौसम में इन सामग्रियों को जलाने से वायु प्रदूषण में तेज़ी से वृद्धि हो रही है, जो पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा है।
दरअसल, ठंड बढ़ने के साथ जहां एक ओर नगर निगम द्वारा अलाव की व्यवस्था की जा रही है, वहीं कुछ क्षेत्रों में लकड़ी उपलब्ध न होने पर लोग वेस्ट पॉलीथिन और थर्मोकोल जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। इससे वातावरण में जहरीला धुआं फैल रहा है और प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए गोल बाजार और सब्ज़ी मंडी से लगी दुकानों में सघन जांच की गई। जांच में प्रतिबंधित सामग्री पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से सामान जब्त कर प्रति दुकान 5-5 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके साथ ही शहर में संचालित डिस्पोज़ल सामग्री की दुकानों पर रेड कार्रवाई करते हुए अवैध सामग्री को सीज़ किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक और थर्मोकोल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है, और आगे भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें और प्रदूषण फैलाने वाली सामग्रियों के उपयोग से बचें।








