
कटनी।नगर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने और सार्वजनिक मार्गों को अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर नगर निगम प्रशासन ने आज बड़ी कार्रवाई की। सुभाष चौक स्थित अल्फर्टगंज में लंबे समय से सड़क पर कबाड़ फैला कर आवागमन बाधित कर रहे कबाड़ व्यवसायी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए मार्ग को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
निगमायुक्त ने लिया त्वरित संज्ञान
सार्वजनिक मार्ग पर अवैध कब्जा और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायत मिलते ही निगमायुक्त तपस्या परिहार ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह और अतिक्रमण शाखा को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए।
धारा 322 के तहत नोटिस, समय सीमा के बाद हटाया गया अतिक्रमण
निरीक्षण में नगर निगम अधिनियम 1956 की धारा 322 का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने पर कबाड़ व्यवसायी अब्दुल सत्तार मोहम्मद हुसैन को नोटिस जारी कर तीन दिनों में अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।
निर्धारित समय समाप्त होने पर जब निगम की टीम कार्रवाई के लिए पहुँची, तो संबंधित व्यापारी ने स्वयं ही कबाड़ सामग्री हटाकर मार्ग खाली कर दिया। मौके पर निगम अधिकारी मौजूद रहे।
बरगवा और बस स्टैंड पर भी जुर्माना
अतिक्रमण टीम ने शहर के अन्य इलाकों में भी कार्रवाई की।
बरगवा मुख्य मार्ग पर कबाड़ व्यवसायी सादिक खान को सार्वजनिक मार्ग बाधित करने पर ₹1,000 जुर्माना बस स्टैंड क्षेत्र में कबाड़ व्यवसायी संतोष सोनी पर दुकान की सीमा के बाहर कबाड़ फैलाने पर ₹1,000 जुर्माना दोनों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में सामग्री दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें।
कार्रवाई से मार्ग हुए सुचारू, नागरिकों ने ली राहत
निगम द्वारा की गई कार्रवाई के बाद प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन सुचारू हुआ और नागरिकों को बड़ी राहत मिली। कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने बताया कि निगमायुक्त के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग रोजाना नगर भ्रमण कर इस तरह की कार्रवाई जारी रखे हुए है। कई कबाड़ व्यवसायियों को नोटिस भेजे जा चुके हैं और उन पर भी जल्द कार्रवाई होगी।
कार्रवाई के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह व अतिक्रमण दल मौजूद रहे।









