
कटनी – हरदा जिले में राजपूत समाज के छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों पर हुए लाठीचार्ज की घटना ने प्रदेशभर में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। इसी के विरोध में कटनी जिले में करणी सेना ने जोरदार प्रदर्शन किया और तहसील परिसर में मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष न्याय की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हरदा में राजपूत छात्रावास और सड़कों तक जहां न्याय की उम्मीद की जाती है, वहां निर्दोष युवाओं और नागरिकों को बेरहमी से पीटा गया। छात्र-छात्राओं पर पुलिस ने जिस तरह से लाठीचार्ज किया, उससे आज भी वहां भय, अपमान और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
करणी सेना ने स्पष्ट किया कि अब सिर्फ जांच की प्रतीक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की कि पूरे घटनाक्रम की समयबद्ध, निष्पक्ष और न्यायिक जांच कराई जाए। साथ ही जब तक जांच पूरी नहीं होती, हरदा के पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर एवं संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल प्रशासनिक दायित्वों से हटाया जाए।
ज्ञापन में आगे कहा गया कि छात्रावास में घुसकर की गई बर्बरता, गाड़ियों को नुकसान पहुंचाना और शांतिपूर्ण आंदोलन पर हमला – इन सभी मामलों में दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा, जिन निर्दोष व्यक्तियों पर झूठे प्रकरण दर्ज किए गए हैं, उन्हें तत्काल वापस लिया जाए और सुनील सिंह राजपूत एवं अन्य साथियों को तत्काल रिहा किया जाए, जिन्हें अब तक हिरासत में रखा गया है।
करणी सेना ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की घटनाओं पर सख्त रोक नहीं लगाई गई, तो आगे आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि देशभर के किसी भी छात्रावास या शैक्षणिक संस्थान में ऐसी बर्बरता दोबारा न हो।
कटनी से उठी यह आवाज सिर्फ हरदा के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देशभर के छात्र-युवाओं की सुरक्षा और सम्मान की मांग है – जहां न्याय हो, डर नहीं।






