
कटनी जिले के कुठला थाना क्षेत्र स्थित होटल दर्पण लॉज में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पवन कुमार (30 वर्ष) निवासी बाजार चौकी, थाना चीचौली, जिला बैतूल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पवन कुमार कटनी निवासी एक युवती से मिलने के लिए कटनी आया था। दोनों की पहचान करीब डेढ़ वर्ष पूर्व सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। शुक्रवार सुबह युवक कटनी पहुंचा और होटल दर्पण लॉज में ठहरा। दोपहर करीब 1 बजे युवती उससे मिलने होटल पहुंची, जहां तकरीबन आधे घंटे बातचीत के बाद युवक अचानक बेहोश हो गया।
हालत बिगड़ने पर युवक को कटनी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी कुठला कटनी
घटना की जानकारी मिलते ही थाना कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने अपनी प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि युवक और युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और लगातार बातचीत होती रहती थी। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और हर संभावित पहलू की बारीकी से पुलिस जांच कर रही है।






