
कटनी।जिला अस्पताल रोड, परशुराम मंदिर के समीप शुक्रवार को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश करते हुए विभिन्न समुदायों के लोग एकजुट हुए। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए वॉइस ऑफ मीडिया कटनी के बैनर तले श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
सभा में पत्रकारों सहित सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने हाथों में कैंडल लेकर आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। श्रद्धांजलि सभा का संचालन वरिष्ठ पत्रकार आशीष सोनी ने किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति और पीड़ित परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा में वरिष्ठ पत्रकार आशीष सोनी, अमर ताम्रकार, सुरेंद्र राजपूत, आशुतोष शुक्ला, वॉइस ऑफ मीडिया कटनी के अध्यक्ष शैलेश पाठक, राकेश चतुर्वेदी, संजय गुप्ता, अशोक वर्मा, संजय खरे, नितिन चावरे, कमलेश तिवारी, असलम खान, सचिन तिवारी, प्रकाश पटेल, जाहिद हुसैन सिद्दीकी, विकास बर्मन, शकील खान, सुनील यादव, राजू दासवानी, प्रवीण पाराशर, रवि ठाकुर, हीरा विश्वकर्मा, रवि गुप्ता, युसूफ भाईजान, शकील भाईजान, विजय पटेल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने भाग लिया।
इस श्रद्धांजलि सभा ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि भारत की “विविधता में एकता” की भावना आज भी जीवित है। इस आयोजन ने न केवल दुख की घड़ी में एकजुटता का परिचय दिया, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ देश की सामूहिक नाराज़गी और एकजुटता को भी उजागर किया।
सभी उपस्थित लोगों ने भारत सरकार से मांग की कि इस कायराना हमले में शामिल आतंकवादियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसी जघन्य हरकत करने का साहस न कर सके।








