



कटनी। सृष्टि के आरंभ दिवस और भारतीय नव वर्ष विक्रम संवत् 2082 के शुभारंभ पर रविवार को बस स्टैंड स्थित ऑडिटोरियम में विक्रमोत्सव 2025 का भव्य और अविस्मरणीय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान सूर्य की उपासना की गई और पूरे विधि-विधान से ब्रह्मध्वज की स्थापना कर पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
इस दौरान विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल, विधायक बड़वारा धीरेन्द्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत, अपर कलेक्टर साधना परस्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, एसडीएम प्रदीप कुमार मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर विवेक गुप्ता और निगमायुक्त नीलेश दुबे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक का मंचन किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
विधायक मुड़वारा श्री जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में पर्व और त्योहारों का निर्धारण मंगल तिथियों के आधार पर होता है। खगोलीय दृष्टि से गुड़ी पड़वा यानी प्रतिपदा वर्ष की पहली मंगल तिथि मानी जाती है। इसी आधार पर होली, दीपावली जैसे त्योहारों की तिथियों का निर्धारण होता है। उन्होंने कहा कि विक्रम संवत् प्राचीन सनातन संस्कृति की अनुपम परंपरा है, जो खुशियों, समृद्धि और हर्षोल्लास का प्रतीक है।
विधायक बड़वारा श्री सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रम संवत् की महत्ता और वर्ष प्रतिपदा से प्रारंभ हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन डिप्टी कलेक्टर विवेक गुप्ता ने किया, जबकि मंच संचालन शासकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने किया।
इस दौरान जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जनजागृति लाने के उद्देश्य से जल गंगा संवर्धन रैली निकाली गई। रैली को विधायक संदीप जायसवाल, विधायक धीरेंद्र सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली बस स्टैंड से प्रारंभ होकर कटनी शहर के मसुरहा घाट तक पहुँची।
इस आयोजन ने न केवल भारतीय नववर्ष का भव्य स्वागत किया, बल्कि जल संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश भी समाज तक पहुँचाया।