“भारतीय रेलवे में 3,548 पदों पर भर्ती का ऐलान, स्नातक उम्मीदवार 6 नवंबर तक करें आवेदन!”,मालगाड़ी प्रबंधक के सबसे ज्यादा पद”

जबलपुर। रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे स्नातक उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे ने रेलवे भर्ती बोर्ड यानी आरआरबी की केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना CEN 06/2026 के तहत गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी (एनटीपीसी-स्नातक) के 3,548 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती के माध्यम से योग्य उम्मीदवारों को रेलवे के विभिन्न विभागों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

सबसे ज्यादा पद मालगाड़ी प्रबंधक के

इस भर्ती में चार श्रेणियों के पद शामिल किए गए हैं। इनमें मालगाड़ी प्रबंधक के 2,750 पद, वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट के 371 पद, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट के 300 पद और मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 127 पद शामिल हैं।

वेतन की बात करें तो मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक पद के लिए सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-6 के तहत 35 हजार 400 रुपये प्रतिमाह प्रारंभिक मूल वेतन निर्धारित है। वहीं, मालगाड़ी प्रबंधक, कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट और वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट पदों के लिए पे लेवल-5 के तहत 29 हजार 200 रुपये प्रतिमाह प्रारंभिक मूल वेतन मिलेगा। इसके अलावा नियमानुसार अन्य भत्ते भी देय होंगे।

6 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

आवेदन प्रक्रिया 8 अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 6 नवंबर 2026 की रात 11 बजकर 59 मिनट तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 8 नवंबर निर्धारित की गई है, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 9 से 18 नवंबर तक का समय दिया गया है।

इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। अधिसूचना के अनुसार, 1 जनवरी 2027 को उम्मीदवार की आयु 18 से 33 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों के पात्र उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

दो चरणों में होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

चयन प्रक्रिया में प्रथम चरण और द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षाएं शामिल हैं। इसके बाद पद और लागू नियमों के अनुसार दस्तावेज सत्यापन तथा चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा। दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए अधिसूचित नियमों के तहत आरक्षण, आयु में छूट और आवश्यकतानुसार लेखक सहायता एवं अतिरिक्त समय के प्रावधान भी लागू होंगे।

कनिष्ठ लेखा सहायक सह टाइपिस्ट और वरिष्ठ क्लर्क सह टाइपिस्ट पदों के लिए टाइपिंग कौशल परीक्षा से संबंधित विशेष प्रावधानों का उल्लेख भी अधिसूचना में किया गया है। उम्मीदवार आवेदन करने से पहले संबंधित नियमों और पात्रता शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें।

यहां करें ऑनलाइन आवेदन

भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी, पात्रता, रिक्तियों का विवरण और आवेदन के लिए उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in और ऑनलाइन आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in पर जा सकते हैं।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]

“सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग तेज, प्रदर्शनकारियों ने फूंके जनप्रतिनिधियों के पुतले, उद्योगपति प्रेम बत्रा ने 20 एकड़ जमीन सरकारी मेडिकल कॉलेज को देने की बात”प्रदर्शन कारियो पर वाटर कैनन का इस्तेमाल

SANSKRITIIAS , IAS COACHING