“विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: निगमायुक्त तपस्या परिहार का सख्त निर्देश, ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई”

कटनी शहर के विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने लोक निर्माण शाखा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों और ठेकेदारों को कड़े निर्देश दिए हैं। समय पर कार्य नहीं करने वाली एजेंसियों के खिलाफ अनुबंध निरस्त करने और ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने गुरुवार को लोक निर्माण शाखा के विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में शहर में चल रहे और स्वीकृत विकास कार्यों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण किया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन ठेकेदारों ने स्वीकृत कार्यों का अनुबंध समय पर निष्पादित नहीं किया है, उन्हें तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। नोटिस के बाद भी अनुबंध नहीं होने पर अनुबंध निरस्त कर संबंधित एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

निगमायुक्त ने उन निर्माण कार्यों पर भी नाराजगी जताई जो अनुबंध के बाद भी शुरू नहीं हो सके हैं। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रत्येक विकास कार्य का वर्क ऑर्डर जारी होने के अधिकतम सात दिनों के भीतर कार्य स्थल पर काम शुरू हो जाना चाहिए बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए तपस्या परिहार ने सभी उपयंत्रियों और अभियंताओं को नियमित रूप से साइट निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित किया जाए और कार्यों की प्रगति का लगातार मूल्यांकन किया जाए।

निगमायुक्त ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी निर्माण कार्य में अन्य विभागों से जुड़ी कोई बाधा आती है तो आपसी समन्वय और बैठकों के माध्यम से उसका त्वरित समाधान किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो बैठक में कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जयेंद्र प्रताप सिंह बघेल, शैलेन्द्र प्यासी, हिमांशु गौतम, राज ललित गुमास्ता, रवि हनौते, कार्यालय अधीक्षक नागेंद्र पटेल सहित लोक निर्माण शाखा के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। नगर निगम का कहना है कि शहर के विकास कार्यों में अब किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING