
कटनी।कटनी में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी शहर के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने विरोध प्रदर्शन कर टिप्पणी की कड़ी निंदा की और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद राजमणि पटेल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, राजनीतिक शुचिता और मर्यादित संवाद की पक्षधर रही है।
उन्होंने कहा कि किसी भी जननेता के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करता है। राजमणि पटेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की बढ़ती लोकप्रियता और जनहित के मुद्दों पर उनकी मुखरता से घबराकर भाजपा नेता इस तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने नेताओं के सम्मान और कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जीतू पटवारी पर की गई टिप्पणी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि पूरे कांग्रेस परिवार का अपमान है। कांग्रेसजन लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से इस मानसिकता का विरोध करते रहेंगे तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन व्यक्तिगत और अमर्यादित टिप्पणियां किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति में स्वीकार्य नहीं हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे तथा प्रदेश अध्यक्ष के सम्मान में एकजुटता का संदेश दिया गया।
इस विरोध प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह अपने नेताओं के सम्मान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के मुद्दे पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे मामलों में लगातार आवाज उठाती रहेगी।







