
कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है। यह कार्रवाई 09-10 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात को की गई।
विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार शर्मा ने तत्काल एक टीम गठित कर ग्राम जमुवानी कला में दबिश दी। टीम जब मौके पर पहुंचकर जांच कर रही थी, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति भागने की कोशिश करने लगा, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेन्द्र सिंह उर्फ पप्पू (उम्र 36 वर्ष) निवासी जमुवानी कला बताया। आरोपी की निशानदेही पर उसके कच्चे मकान की परछी में घास-फूस के पीछे छिपाकर रखी गई 14 कार्टून में 700 पाव देशी प्लेन व मसाला शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 126 लीटर और कीमत करीब 72,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 105/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि यह शराब रोहित सिंह उर्फ पौहा, निवासी खलवारा बाजार कैमोर, द्वारा उसके घर में रखवाई गई थी। पुलिस ने रोहित सिंह को भी इस मामले में आरोपी बनाया है, जो फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा चुका है।
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और एसडीओपी वीरेन्द्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।






