
नरसिंहपुर। जनपद पंचायत गोटेगांव के ग्राम पंचायत मुआर में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पूरा कार्यक्रम कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागेश के मार्गदर्शन तथा जनपद पंचायत सीईओ सुश्री दीक्षा जैन के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सहायक यंत्री, एनआरएलएम टीम, समस्त उपयंत्रीगण, मनरेगा स्टाफ, आजीविका मिशन स्टाफ, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, सचिव, सहायक सचिव, एडीओ, पीसीओ एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके अलावा ग्राम पंचायत जमुनिया, कमोद, मुरदई, रहली, खोबी, भैसा, बेरखेड़ी एवं मुआर के सरपंच, सचिव, जीआरएस एवं ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंतर्गत जनसहयोग एवं श्रमदान के माध्यम से खंती निर्माण का कार्य किया गया। खंती निर्माण से पहाड़ी क्षेत्रों का बहता हुआ वर्षाजल रुककर भूमि में समाहित होगा, जिससे भू-जल स्तर में वृद्धि होने के साथ ही आसपास के जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्भरण में भी सहायता मिलेगी।
इसके साथ ही मुआर स्थित नर्मदा घाट पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को जल संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई तथा जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों द्वारा जल संवर्धन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन से इस अभियान में निरंतर सहभागिता की अपील की गई।।यह कार्यक्रम जनसहभागिता के माध्यम से जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
गोटेगांव से शरद नेमा की रिपोर्ट।









