“गोटेगांव संदीपनी विद्यालय में NCC बटालियन का दौरा, कैडेट्स से संवाद और अधिकारी का प्रमोशन”

गोटेगांव संदीपनी विद्यालय में NCC बटालियन का दौरा, कैडेट्स से संवाद और अधिकारी का प्रमोशन
नरसिंहपुर। गोटेगांव स्थित शासकीय संदीपनी विद्यालय में मंगलवार 7 अप्रैल 2026 को 1 एमपी एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल नितिन शर्मा एवं सूबेदार मेजर नारायण दास का औपचारिक दौरा सम्पन्न हुआ।

विद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य एवं एनसीसी अधिकारी द्वारा मुख्य द्वार पर पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद एनसीसी कैडेट्स ने वेलकम परेड के माध्यम से कमांडिंग ऑफिसर को सम्मानपूर्वक परिसर में प्रवेश कराया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन से हुई, जिसमें कर्नल नितिन शर्मा सहित बटालियन स्टाफ ने सहभागिता की। तत्पश्चात कर्नल शर्मा ने प्राचार्य कक्ष में विद्यालय के प्राचार्य एस.के. सिसोदिया एवं एनसीसी अधिकारी मनोज जैन के साथ बैठक कर विद्यालय में संचालित एनसीसी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली।
दौरे के दौरान कर्नल शर्मा ने एनसीसी कक्ष का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेजों का अवलोकन किया और व्यवस्थाओं की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी अधिकारी मनोज कुमार जैन को थर्ड ऑफिसर से सेकंड ऑफिसर पद पर पदोन्नति प्रदान की गई। यह रैंक प्रमोशन कर्नल नितिन शर्मा एवं संस्था प्रमुख के कर कमलों से संपन्न हुआ, जिससे विद्यालय में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कर्नल नितिन शर्मा ने कैडेट्स से संवाद करते हुए उनके अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय स्टाफ द्वारा 1 एमपी एनसीसी बटालियन को अभिनंदन पत्र भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING