“उद्योगों को ग्लोबल पहचान दिलाने की पहल, कलेक्टर आशीष तिवारी का औद्योगिक दौरा, उत्पादन, रोजगार और निर्यात क्षमता का लिया जायजा, महिला संचालित यूनिट बनी प्रेरणा” 

कटनी जिले में औद्योगिक विकास को नई दिशा देने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसी कड़ी में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर उत्पादन, रोजगार और निर्यात संभावनाओं का जायजा लिया।

08 अप्रैल को कलेक्टर आशीष तिवारी ने ग्राम इमलिया स्थित मेसर्स राधे ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। नमकीन और प्राइम्स उत्पाद बनाने वाली इस इकाई में करीब 2.5 करोड़ रुपये का निवेश है और यहां 15 लोगों को रोजगार मिला हुआ है।

कलेक्टर ने उत्पादन प्रक्रिया, कच्चे माल की उपलब्धता और मार्केटिंग नेटवर्क की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर कच्चा माल खरीदने पर जोर देते हुए कहा कि इससे किसानों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही खाद्य सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए।

इसके बाद कलेक्टर ने ग्राम पड़ुआ स्थित मेसर्स सुखसागर फूड प्राइवेट लिमिटेड का दौरा किया। लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह आधुनिक राइस मिल एक महिला संचालित इकाई है, जो 24 लोगों को रोजगार दे रही है। यहां तैयार पराबोइल्ड और सीएमआर राइस का निर्यात अमेरिका, खाड़ी देशों और अफ्रीका तक किया जा रहा है, जो कटनी के उद्योगों की वैश्विक पहुंच को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यूनिट में लगे सोलर प्लांट की भी सराहना की और इसे लागत कम करने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने उद्योग संचालकों को गुणवत्ता और ब्रांडिंग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी, ताकि कटनी के उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना सकें।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING