
कटनी में नागरिकों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार से नगर निगम द्वारा नेशनल लोक अदालत के तहत विशेष कर वसूली शिविरों की शुरुआत कर दी गई है। नगर निगम के अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे करदाताओं का तिलक वंदन कर स्वागत किया। सुबह 10 बजे से नगर के पांच प्रमुख स्थलों पर शिविर लगाकर नागरिकों को शासन के निर्देशानुसार संपत्तिकर और जलकर के अधिभार में छूट का लाभ दिया जा रहा है।

नगर निगम प्रशासन द्वारा नगर निगम कार्यालय, बस स्टैंड पुलिस चौकी के पास, दुर्गा चौक खिरहनी, माधवनगर उप कार्यालय और सुभाष चौक में विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहकर नागरिकों के लंबित प्रकरणों का निराकरण कर रहे हैं तथा कर जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।

लोक अदालत के माध्यम से नागरिकों को अपने बकाया करों का निराकरण कर अधिभार में विशेष छूट प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। शिविरों में करदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है ताकि वे आसानी से इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
इस दौरान निगमायुक्त तपस्या परिहार ने शिविर स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों के लिए बैठक, पेयजल और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए तथा अधिक से अधिक लोगों को छूट का लाभ दिलाया जाए।
नगर निगम प्रशासन ने शहर के नागरिकों से अपील की है कि वे लोक अदालत शिविरों में पहुंचकर शासन द्वारा दी जा रही छूट का अधिक से अधिक लाभ लें और अपने लंबित करों का भुगतान कर नगर विकास में सहभागी बनें।





