कटनी। होली के दिन कटनी के एनकेजे थाना क्षेत्र के जुहला बायपास के पास एक खाली प्लांट में गोवंशों के साथ क्रूरता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां करीब 40 गोवंशों को बंधक बनाकर रखा गया था और उनके साथ अमानवीय अत्याचार किए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार जिस बंजर और खाली प्लांट में गोवंशों को बांधकर रखा गया था, वहां उनके खाने के लिए एक दाना तक मौजूद नहीं था और न ही पीने के लिए पानी की कोई व्यवस्था थी। सभी गोवंश भूखे-प्यासे और बेहद दयनीय हालत में पाए गए।
बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात क्रूर व्यक्ति द्वारा इन गोवंशों को बंधक बनाकर रखा गया था और उन पर धारदार हथियार से हमला भी किया गया। एक गोवंश पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने की बात भी सामने आई है, जिससे उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस घटना की जानकारी पशु प्रेमी और गोवंश रक्षक अमित श्रीवास को व्हाट्सएप के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत एनकेजे थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोवंश रक्षकों की मौजूदगी में सभी गोवंशों को सुरक्षित मुक्त कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी गोवंश लंबे समय से भूखे और प्यासे थे।
फिलहाल एनकेजे थाना पुलिस अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गई है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिस खाली प्लांट में गोवंशों को बंधक बनाकर रखा गया था वह किसका है। इधर इस मामले में त्वरित कार्रवाई को लेकर आसपास के क्षेत्र के लोगों द्वारा एनकेजे पुलिस की सराहना की जा रही है।






