
newsvoiceofindia/
जबलपुर।यात्रियों की सुविधा, क्षेत्रीय विकास तथा जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत गाड़ी संख्या 22188/22187 अधारताल–रानी कमलापति–अधारताल इंटरसिटी एक्सप्रेस के बोहानी रेलवे स्टेशन पर ठहराव का शुभारंभ समारोह आज मंगलवार, 17 फरवरी 2026 को गरिमामयी वातावरण में सफलतापूर्वक हुआ।
इस ऐतिहासिक अवसर पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में होशंगाबाद के सांसद दर्शन सिंह चौधरी, तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल, पूर्व राज्यसभा सदस्य कैलाश सोनी, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष राम स्नेही पाठक की विशेष उपस्थिति रही रेल प्रशासन की ओर से अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता, मंडल वाणिज्य प्रबंधक नितेश कुमार सोने सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने इस महत्वपूर्ण रेल सुविधा के लिए रेल प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह ठहराव बोहानी क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के अवसरों को नई गति देगा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल एवं पूर्व सांसद कैलाश सोनी, पूर्व मंत्री जालम सिंह ने भी इस सुविधा को क्षेत्र के लिए एक “मील का पत्थर” बताया।
सांसद द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया शुभारंभ
विशेष आकर्षण के रूप में होशंगाबाद सांसद दर्शन सिंह चौधरी स्वयं इंटरसिटी एक्सप्रेस में नरसिंहपुर से यात्रा कर बोहानी स्टेशन पहुँचे, जहाँ उन्होंने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव का विधिवत शुभारंभ किया। यह क्षण उपस्थित जनसमूह के लिए अत्यंत भावनात्मक एवं ऐतिहासिक रहा।
यात्रियों को मिली बड़ी सौगात
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह ठहराव 17.02.2026 से दोनों दिशाओं में 01 मिनट के लिए प्रारंभ किया गया है, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
ठहराव विवरण इस प्रकार है —
गाड़ी संख्या 22188 अधारताल–रानी कमलापति इंटरसिटी एक्सप्रेस आगमन समय : 18:11 बजे (बोहानी)
गाड़ी संख्या 22187 रानी कमलापति–अधारताल इंटरसिटी एक्सप्रेस आगमन समय : प्रातः 08:25 बजे (बोहानी)
अपर मंडल रेल प्रबंधक आनंद कुमार ने बताया कि इस अतिरिक्त ठहराव से बोहानी एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में अत्यधिक सुविधा मिलेगी, जिससे स्थानीय जनता को शिक्षा, रोजगार, व्यापार एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच आसान होगी तथा क्षेत्रीय विकास को नया आयाम मिलेगा।
मौजूद जनसहभागिता से सफल आयोजन
यह कार्यक्रम स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं रेल प्रशासन के समन्वय से अत्यंत सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि यह ठहराव क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग थी, जो अब साकार रूप ले चुकी है।
यह ठहराव न केवल एक रेल सुविधा है, बल्कि बोहानी क्षेत्र के लिए विकास, प्रगति और संपर्क का नया द्वार है, जो आने वाले समय में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदलने में सहायक सिद्ध होगा।
समारोह के अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक द्वारा सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।






