
कटनी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड कटनी के सेक्टर क्रमांक 3 कन्हवारा के मुख्यालय ग्राम कन्हवारा में ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत ग्राम उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन नवांकुर संस्था बारडोली वेलफेयर सोसाइटी कटनी, स्थानीय ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कन्हवारा के सहयोग तथा मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के परामर्शदाता रामानुज पांडेय के समन्वय से गढ़ी हनुमान मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी केशव तोमर, सुनील विश्वकर्मा, राजेश पांडे, बृजेश नामदेव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में महिलाओं द्वारा संगीत के साथ सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया विकासखंड समन्वयक बालमुकुंद मिश्र ने ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए ग्रामीणों से आपसी सहयोग के माध्यम से गांव को हर क्षेत्र में समृद्ध बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने शासन की योजनाओं का पात्रता अनुसार लाभ लेने एवं अन्य जरूरतमंदों को लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की मुख्य अतिथि केशव तोमर ने ग्राम को स्वच्छ, नशा मुक्त और विवाद मुक्त बनाने के साथ-साथ जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वदेशी अपनाने पर जोर दिया तथा गांव के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता बताई।
ग्राम उत्सव के दौरान महिलाओं एवं स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नवांकुर संस्था द्वारा नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। साथ ही गांव में विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों की सहभागिता से जागरूकता रैली निकाली गई। आयोजन को सफल बनाने में नवांकुर संस्था के सेक्टर प्रभारी गनपत कोल, कार्यालय प्रमुख श्रीमती माया गुप्ता, समाजसेवी अवधेश तोमर, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष जितेंद्र नामदेव, सचिव अतुल पांडेय सहित ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।







