
कटनी नगर के मध्य बरगवां स्थित द्वारका सिटी कालोनी के पार्क में क्षेत्रीय विधायक संदीप जायसवाल द्वारा ओपन जिम की सौगात दी गई। इस ओपन जिम के शुरू होने से शारीरिक फिटनेस, बेहतर स्वास्थ्य और खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कालोनीवासियों में खासा उत्साह और हर्ष का माहौल देखा गया।
रविवार सुबह आयोजित उद्घाटन समारोह में विधायक संदीप जायसवाल एवं वंशस्वरूप वार्ड की पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत की उपस्थिति में सोसायटी की कन्याओं विधि जैन, दिशा गुप्ता और तनव्या सोनी ने फीता काटकर ओपन जिम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर द्वारका सिटी कालोनी के बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान द्वारका सिटी सोसायटी रखरखाव समिति की ओर से विधायक संदीप जायसवाल एवं पार्षद श्रीमती सुमित्रा रावत का स्वागत कर कालोनी के हित में किए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए अभिनंदन किया गया।
इस मौके पर विधायक संदीप जायसवाल ने अपने उद्बोधन में शहर के विकास को लेकर किए गए प्रयासों और कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भले ही वे आगे विधायक रहें या न रहें, लेकिन अपने क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। द्वारका सिटी निवासियों की मांग पर उन्होंने कालोनी के विकास एवं आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
कार्यक्रम में द्वारका सिटी रखरखाव समिति के अध्यक्ष रवि आहूजा, उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन सुरेन्द्रश्रीवास, एस.के. दुबे, समिति सदस्य रूबी विकास जैन, संजय बरसैंया, अनिल पांडे, कन्हैया गुप्ता सहित वरिष्ठ पत्रकार अमर ताम्रकार, रमेश आहूजा, जीडी पांडे, भरत जयसिंघानी, शैलेन्द्र जैन, राजकुमार असाटी, आर.के. असाटी, आर.के. साहू, डॉ. आशीष पांडे, प्रशांत दुबे, सुरेन्द्र पाठक, आदेश पांडे, विजय मालिक, जितेंद्र सोनी, अशोक तनवानी, संतराम पटेल एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।







