
कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर मंगलवार को नगर निगम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मैदान में उतरी। टीम ने सुभाष चौक से रेलवे स्टेशन मार्ग तक व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए जा रहे अस्थाई अतिक्रमण को हटवाया।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान फुटपाथ और मुख्य सड़क पर कब्जा जमाए ठेला संचालकों, खोमचे वालों और फल-सब्जी विक्रेताओं पर निगम ने सख्ती दिखाई। नियम विरुद्ध तरीके से व्यवसाय कर रहे इन अस्थाई व्यापारियों पर तीन हजार रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया। साथ ही भविष्य में सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण न करने की कड़ी चेतावनी भी दी गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण न सिर्फ यातायात को बाधित करता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा देता है और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इसी कारण शहर में इस तरह की कार्रवाई आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
नगर निगम प्रशासन ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित स्थानों पर ही दुकान लगाएं और शहर की स्वच्छता तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
कार्यवाही के दौरान यातायात प्रभारी राहुल पाण्डेय, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, राकेश रजक तथा पुलिस विभाग और नगर निगम की अतिक्रमण टीम मौजूद रही।






