
कटनी। नगर में बुधवार को आयोजित होने वाले दशहरा चल समारोह एवं प्रतिमा विसर्जन पर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशानुसार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए निगम के अधिकारी–कर्मचारी घाटों पर मौजूद रहेंगे।
घाटों पर विशेष व्यवस्था
नगर निगम उपायुक्त शैलेष गुप्ता ने बताया कि प्रतिमाओं के विसर्जन हेतु चिन्हित 11 घाटों पर शासन निर्देशानुसार कृत्रिम कुंडों का निर्माण कर शुद्ध जल भरा गया है।साथ ही घाटों और जुलूस मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, उद्घोषणा प्रणाली एवं सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
आवारा मवेशियों पर नियंत्रण हेतु हांका गैंग भी तैनात रहेगी।
140 से अधिक कर्मचारी रहेंगे ड्यूटी पर
निगमायुक्त सुश्री परिहार ने प्रतिमा विसर्जन को सुचारु और सुरक्षित बनाने हेतु नगर निगम के 140 से अधिक अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई है।
नागरिकों से अपील
नगर निगम प्रशासन ने दुर्गा प्रतिमा समिति पदाधिकारियों एवं नागरिकों से आग्रह किया है कि वे प्रतिमाओं का विसर्जन केवल चिन्हित विसर्जन कुंडों में ही करें और पर्यावरण संरक्षण में अपना अमूल्य योगदान दें।









