
कटनी, 29 जुलाई। न्यूज़ वॉइस ऑफ़ इंडिया
जिले के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। बुधवार, 30 जुलाई को शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, कटनी में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन किया जा रहा है।
यह मेला जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, तथा शासकीय आईटीआई कटनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन में देश-प्रदेश की प्रतिष्ठित निजी कंपनियाँ भाग लेंगी, जो योग्य युवाओं को चयनित कर मौके पर ही नियुक्ति देंगी।
साथ ही स्वरोजगार की दिशा में रुचि रखने वाले युवाओं को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, जिससे वे स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।
जिला प्रशासन ने समस्त इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों एवं बायोडाटा के साथ समय पर मेले में उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठाएं।






