
कटनी जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र के दशरमन गांव में एक महिला की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा हुआ है महिला की मौत हादसा नहीं, बल्कि गोली मारकर हत्या थी।
मृतक महिला की पहचान 52 वर्षीय नीतू जायसवाल के रूप में हुई है, जो दशरमन गांव स्थित अपने घर में अकेली रहती थीं। उनके पति जबलपुर की ऑर्डनेंस फैक्ट्री में पदस्थ हैं।
पहले यह मामला सामान्य मौत मानकर दर्ज किया गया था, लेकिन जब शव को उमरिया पान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई, तो हकीकत चौंकाने वाली निकली ..महिला की मौत गोली लगने से हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और बारीकी से निरीक्षण करते हुए ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी शाहिद खान को हर एंगल से जांच के निर्देश दिए।
एडिशनल एसपी संतोष डेहरिया
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट है कि महिला की मौत गोली लगने से हुई है। मामला हत्या का है और हम सभी पहलुओं से इसकी जांच कर रहे हैं। बहुत जल्द इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
बहरहाल इस सनसनीखेज वारदात से दशरमन गांव के साथ-साथ पूरा थाना क्षेत्र दहशत में है। सवाल यह है कि महिला को गोली किसने मारी और क्यों? क्या हत्या की वजह आपसी रंजिश है या मामला कुछ और? पुलिस हर बिंदु पर बारीकी से जांच कर रही है।






