



कटनी। प्रवीण कुमार पाराशर/मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केंद्रीय कर्मचारियों के समतुल्य 55 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता स्वीकृत किए जाने पर अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त संघ ने खुशी जताते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
बतादे कि विगत जुलाई 2024 से महंगाई भत्ते में कोई वृद्धि न होने के कारण प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारी वर्ग में निराशा व्याप्त थी। लगातार बढ़ती महंगाई से जूझते कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस स्थिति को देखते हुए, संयुक्त मोर्चा कर्मचारी संघ ने सरकार पर महंगाई भत्ते की वृद्धि हेतु निरंतर दबाव बनाए रखा।
हाल ही में संगठन द्वारा जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक आर्थिक हितों से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए जोरदार प्रदर्शन भी किए गए थे। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और मोहन सरकार ने कर्मचारियों की पीड़ा को समझते हुए उन्हें 1 जुलाई 2024 से लंबित 3% तथा 1 जनवरी 2025 से लंबित 2% महंगाई भत्ते की किस्त प्रदान करने की घोषणा की।लंबित 5% महंगाई भत्ते के किश्त की घोषणा की खबर लगते हैं कर्मचारियों में हर्ष का वातावरण स्पष्ट देखने को मिला।
इस निर्णय से प्रदेश के कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह कर्मचारी एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए।
मध्यप्रदेश अधिकारी,कर्मचारी संयुक्त मोर्चा संघ के जिला पदाधिकारियों संस्थापक सरमन तिवारी, जिलाध्यक्ष आर.के. बत्रा, सचिव हरप्रीत सिंह ग्रोवर, महामंत्री सुनील मिश्रा और प्रवक्ता कुंवर मार्तंड सिंह राजपूत ने मुख्यमंत्री को ईमेल के माध्यम से धन्यवाद प्रेषित किया। साथ ही, उन्होंने अन्य शेष लंबित मांगों को भी शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।
संघ का मानना है कि अब अन्य महत्वपूर्ण मांगों के निराकरण की संभावना भी प्रबल हो गई है, जिससे अधिकारी-कर्मचारी वर्ग को व्यापक राहत मिलेगी।