“इंदिरा गांधी वार्ड को 48.69 लाख की सौगात! दो सीसी नालियों का महापौर ने किया भूमिपूजन”

कटनी। शहर के वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 4 में 48 लाख 69 हजार रुपये की लागत से बनने वाली दो सीसी नालियों का भूमिपूजन किया गया। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश ‘बल्ली’ सोनी सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वार्ड की कन्या सुभी के हाथों विधिवत पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन संपन्न कराया गया।

इन विकास कार्यों के तहत रामनगर में शंकर मंदिर से राकेश निगम और सत्यव्रत त्रिपाठी के मार्ग से होते हुए पप्पू चक्की तक 20 लाख 90 हजार रुपये की लागत से सीसी नाली का निर्माण किया जाएगा। वहीं शिवाजी नगर की गली नंबर 2 सहित विभिन्न गलियों में 27 लाख 79 हजार रुपये की लागत से दूसरी सीसी नाली बनाई जाएगी।

जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत

दरसल, रामनगर और शिवाजी नगर की गलियों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से रहवासियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान जलभराव के कारण आवागमन भी प्रभावित होता था। अब दोनों स्थानों पर पक्की नालियों का निर्माण होने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने और रहवासियों को इस समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

गुणवत्ता और समयसीमा पर महापौर का जोर

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि दोनों नालियों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि वार्डवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।

वहीं क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश ‘बल्ली’ सोनी ने विकास कार्यों की स्वीकृति और भूमिपूजन के लिए महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन निर्माण कार्यों से रामनगर और शिवाजी नगर के नागरिकों को जल निकासी की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद रेखा तिवारी, शकुंतला सोनी, श्याम पंजवानी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING