“4.80 करोड़ से बदलेगी कटाएघाट की तस्वीर! नववर्ष पर मिलेगी रिवर फ्रंट की सौगात, धीमे काम पर ठेकेदार को नोटिस”

कटनी। शहर की प्राकृतिक धरोहर कटाएघाट को पर्यटन, मनोरंजन और नागरिकों के बेहतर स्वास्थ्य गतिविधियों के आकर्षक केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है। नगर निगम द्वारा करीब 4 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से रिवर फ्रंट योजना के तहत नदी किनारे विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य कराए जा रहे हैं। मंगलवार सुबह निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कटाएघाट पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान काम की अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी काम निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि नववर्ष पर शहरवासियों को विकसित रिवर फ्रंट की सौगात मिल सके।

घाट से लेकर गार्डन तक होगा आकर्षक विकास

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने निर्माणाधीन घाट, रेलिंग, रिटेनिंग वॉल, रैंप, नाली, पिचिंग और सुलभ कॉम्प्लेक्स के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने शेष निर्माण कार्यों में तेजी लाने, दीवारों और रेलिंग पर आकर्षक रंग-रोगन कराने तथा खुली नालियों को ढकने के निर्देश दिए। वहीं ग्रीन एरिया में फूलदार पौधे लगाने, रोज गार्डन को आकर्षक बनाने और घास की सिंचाई के लिए स्प्रिंकलर व्यवस्था विकसित करने को कहा।

भगवान शिव की प्रतिमा और फाउंटेन होंगे आकर्षण का केंद्र

कटाएघाट को पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान देने के लिए यहां भगवान शिव की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही फाउंटेन, आकर्षक लाइटिंग, पाथ-वे और बेहतर बैठक व्यवस्था विकसित की जाएगी। रिक्त स्थान को सेल्फी प्वाइंट के रूप में तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। रात्रि में घाट की सुंदरता बढ़ाने के लिए हाईमास्ट, रिंग लाइट और आकर्षक लैंप लगाए जाएंगे

कटाएघाट मेले की तैयारियों का भी निरीक्षण

कार्तिक पूर्णिमा से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक कटाएघाट मेले की तैयारियों का भी निगमायुक्त ने जायजा लिया। उन्होंने मंच, पार्किंग, दुकानें, झूला स्थल और प्रवेश मार्गों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, आकर्षक साज-सज्जा और बेहतर बैठक व्यवस्था समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए। मंच के सामने की जमीन समतल कराने और पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त शैलेष गुप्ता, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, उद्यान पर्यवेक्षक सहित संबंधित अधिकारी और निर्माण एजेंसी के ठेकेदार मौजूद रहे।

 

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING