
कटनी। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कटनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भदौरा नंबर-02 के जंगल में संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। पुलिस की योजनाबद्ध घेराबंदी के दौरान मौके से 14 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पुलिस को देखकर 7 व्यक्ति फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में कटनी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम भदौरा नंबर-02 के जंगल में संचालित जुआ फड़ पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी।
जुआ फड़ से नकदी, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त
पुलिस की कार्रवाई के दौरान जुआ खेल रहे 14 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने ₹80,500 नगद, 8 मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल फोन जब्त किए। जब्त मशरुका की कुल अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार सभी 14 आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड संकलित कर सभी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अनामिक बेनर्जी, प्रिंस पाण्डेय, अंकित बरगाही, जुनैद खान, राज निषाद, मुकेश कुमार पटेल, पुष्पराज सिंह, बसंत शर्मा, संजय बारकर, संदीप गुप्ता, बल्ली निषाद, अजय साहू, आनंद निषाद और सुरेंद्र चौधरी शामिल हैं।
7 फरार आरोपियों की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर फरार हुए 7 व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।






