
कटनी में कामकाजी अभिभावकों की सुविधा और छोटे बच्चों की बेहतर देखभाल के लिए नगर पालिक निगम ने नई पहल की है। टी.सी. बाजार स्कूल परिसर में ‘पालन घर’ की शुरुआत की गई है। महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने मंगलवार को विधिवत इसका शुभारंभ किया। नगर निगम की इस पहल का उद्देश्य कामकाजी अभिभावकों को सुविधा देने के साथ-साथ 2 से 6 वर्ष तक के बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।
‘पालन घर’ में बच्चों के लिए खेल सामग्री, शैक्षणिक गतिविधियां और रचनात्मक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है। यहां बच्चों को खेल-खेल में सीखने का अवसर मिलेगा और उनके मानसिक, शारीरिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास पर ध्यान दिया जाएगा। बच्चों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की निगरानी के साथ स्वच्छ वातावरण और पौष्टिक आहार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की पहल पर शुरू हुई इस सुविधा से उन अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें काम के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल की चिंता रहती है। अब वे अपने बच्चों को सुरक्षित वातावरण में छोड़कर अपने काम पर ध्यान दे सकेंगे।
पालन घर के शुभारंभ अवसर पर उपायुक्त प्रियंका झरिया, एमआईसी सदस्य सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद वंदना यादव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, शोभा कुरील सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
महापौर प्रीति संजीव सूरी ने इस पहल को बच्चों की बेहतर देखभाल और उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।








