
Newsvoiceofindia/
जबलपुर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जबलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और खान-पान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष मजिस्ट्रेट चेकिंग अभियान चलाया गया।
रेलवे मजिस्ट्रेट वेदप्रकाश सगर के नेतृत्व में जीआरपी, आरपीएफ, वाणिज्य विभाग, खाद्य विभाग और मजिस्ट्रेट स्क्वाड की संयुक्त टीम ने स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और यात्री क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान रेलवे परिसर में बिना वैध अनुमति के खाद्य सामग्री और अन्य सामान बेच रहे 20 अनाधिकृत वेंडरों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 6 स्थित जन आहार रेस्टोरेंट का खाद्य विभाग ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान खराब और अनुपयुक्त खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसके साथ ही एक अनाधिकृत सिलेंडर बरामद कर आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंपा गया। रेस्टोरेंट संचालक से ₹4,500 का स्पॉट फाइन भी वसूला गया। चेकिंग के दौरान एक बिना टिकट यात्री भी पकड़ा गया, जिसके खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की गई।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अनाधिकृत वेंडिंग, बिना टिकट यात्रा, खाद्य गुणवत्ता और रेलवे नियमों के उल्लंघन के खिलाफ ऐसे विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।







