नशे पर बड़ा प्रहार: 8 जिलों का सैकड़ों किलो गांजा ACC फैक्ट्री कैमोर में जलाकर नष्ट

कटनी। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार 4 जुलाई 2026 को कटनी जिले के कैमोर स्थित एसीसी फैक्ट्री में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

न्यायालय के आदेशानुसार कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट एवं डिंडोरी जिलों में विभिन्न प्रकरणों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
पिछले कई महीनों के दौरान इन जिलों की पुलिस द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में गांजा एवं अन्य मादक पदार्थ जब्त किए गए थे। न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए इन मादक पदार्थों को नष्ट करने की कार्रवाई की गई।
विनष्टीकरण की प्रक्रिया कैमोर स्थित एसीसी फैक्ट्री के सीमेंट संयंत्र की उच्च तापमान वाली भट्टी में संपन्न हुई, जहां जब्त मादक पदार्थों को क्रमवार जलाकर नष्ट किया गया। पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी और आवश्यक दस्तावेजीकरण भी कराया गया।

कार्रवाई के दौरान जबलपुर रेंज अंतर्गत कटनी जिले का 236.865 किलोग्राम गांजा तथा जबलपुर जिले का 155.010 किलोग्राम गांजा नष्ट किया गया। इसके अलावा जबलपुर जिले के 106 न्यायालयीन प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का भी विनष्टीकरण किया गया। अन्य जिलों के जब्तशुदा मादक पदार्थों को भी नियमानुसार नष्ट किया गया।

इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज  अतुल सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक बालाघाट रेंज विनित कुमार जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक छिंदवाड़ा रेंज मनोज सिंह, पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक जबलपुर संपत उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर ऋषिकेश मीणा, पुलिस अधीक्षक सिवनी कृष्ण लालचंदानी, पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी, पुलिस अधीक्षक डिंडोरी आशीष खरे सहित विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING