
कटनी। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने युवाओं के भविष्य, किसानों की समस्याओं, उज्जैन भूमि प्रकरण और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का ऐलान किया है।
इसी क्रम में शुक्रवार को कटनी जिला कांग्रेस कार्यालय में शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस की संयुक्त पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के लाखों युवाओं का भविष्य संकट में है। नीट और सीबीएसई परीक्षाओं से जुड़े विवादों तथा छात्रों की शिकायतों ने शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस जल्द ही “छात्रों की गूंज” अभियान शुरू करेगी, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की जाएगी ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के दौरान किसान खाद और बिजली संकट से परेशान हैं। डीएपी, यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की कमी, खाद की कालाबाजारी, पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं होना और टोकन व्यवस्था की अव्यवस्थाओं के कारण किसानों की बुवाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार किसानों की मूलभूत समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल रही है।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने उज्जैन भूमि प्रकरण और महाकाल लोक परियोजना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूरे मामले पर सार्वजनिक जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार निर्दोष है तो मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा सभी तथ्य जनता के सामने रखे जाएं। साथ ही महाकाल लोक परियोजना में कथित भ्रष्टाचार और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की भी निष्पक्ष जांच की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पार्टी जल्द ही एक विशेष डिजिटल पोर्टल लॉन्च करेगी, जहां आम नागरिक भ्रष्टाचार, सार्वजनिक संसाधनों के दुरुपयोग और कथित अवैध संपत्तियों से जुड़ी जानकारी एवं दस्तावेज गोपनीय रूप से साझा कर सकेंगे। सत्यापन के बाद इन तथ्यों को सार्वजनिक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन के तहत प्रदेशभर में पत्रकार वार्ताएं आयोजित करेगी। इसके अलावा “छात्रों की गूंज” अभियान, 14 और 15 जुलाई को इंदौर से भोपाल तक जनजागरण कार्यक्रम, 15 जुलाई को भोपाल में मुख्यमंत्री निवास का घेराव तथा जुलाई के अंतिम सप्ताह में उज्जैन में विशाल जनआंदोलन और रैली आयोजित की जाएगी। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र के दौरान इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य, किसानों के अधिकार, पारदर्शी शासन व्यवस्था और लोकतांत्रिक जवाबदेही सुनिश्चित कराने के लिए है। उन्होंने कहा कि जब तक विद्यार्थियों को न्याय, किसानों को राहत और जनता को जवाब नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।






