“जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर जलभराव देख कलेक्टर नाराज, तत्काल निकासी के दिए निर्देश स्विमिंग पूल समझ लड़की भी बारिश के गंदे पानी में नहाने लगी” 

कटनी। शुक्रवार सुबह हुई तेज बारिश ने जिला अस्पताल परिसर में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के दौरान जिला अस्पताल के निरीक्षण पर कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी पहुंचे थे , जहां उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार पर बारिश का पानी जमा देखकर नाराजगी व्यक्त जाहिर की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जिला अस्पताल के मुख्य गेट पर अत्यधिक जलभराव की स्थिति देख तत्काल सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा को निर्देश दिए कि बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और भविष्य में मुख्य प्रवेश द्वार पर पानी जमा न होने पाए। वही जिला अस्पताल के सामने भरे बारिश के गंदे पानी को स्विमिंग पुल समझ छोटी लड़की भी गंदे पानी में नहाने लगी। जिसे वहां से निकल रहे मरीजों के परिजनों ने मना किया। इससे जिला अस्पताल में लगी व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाना वाजिब है। जिला अस्पताल की सिक्योरिटी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में जिला अस्पताल के सामने सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। निर्माण कार्य का उद्देश्य अस्पताल आने वाले मरीजों और परिजनों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाना था, लेकिन पहली ही तेज बारिश में मुख्य गेट पर पानी भर जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर वर्षों से बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या बनी हुई है। इसी समस्या के समाधान के लिए सड़क निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण एजेंसी और ठेकेदार द्वारा पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।

अब देखना होगा कि प्रशासन के निर्देशों के बाद जल निकासी के लिए स्थायी समाधान किया जाता है या फिर पूरे मानसून सीजन में मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों को जलभराव के बीच आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING