“सिविल लाइन में जियालाल होटल के सामने खाली जमीन पर तीन दिन पुराना शव मिलने से मचा हड़कंप, इलाके में फैली दहशत” 

कटनी शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब एक खाली जमीन में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना सामने आई। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसके कारण आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मामला कटनी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन स्थित मध्य प्रदेश विद्युत मंडल विभाग के पीछे जियालाल होटल के सामने वाली खाली जमीन का है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में लगातार आ रही तेज दुर्गंध के बाद आसपास तलाश की, जहां एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का शव लगभग तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शव की स्थिति को देखते हुए उसकी पहचान तत्काल नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है ताकि मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

फिलहाल मृत व्यक्ति कौन है और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगालकर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

कटनी के सिविल लाइन क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर मृतक कौन है और उसकी मौत कैसे हुई, इसका जवाब अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा। फिलहाल कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING