“खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई,ओवरलोड रेत परिवहन करते 3 वाहन जब्त, कलेक्टर के निर्देश पर चला विशेष अभियान” 

कटनी। कटनी जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत का अवैध परिवहन कर रहे तीन भारी वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खनिज विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान में दो डंपर और एक हाइवा वाहन पकड़े गए। जांच में ई-ट्रांजिट पास यानी ईटीपी में दर्ज मात्रा से अधिक रेत परिवहन किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद तीनों वाहनों को जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया गया। उप संचालक खनिज रत्नेश दीक्षित ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बीती रात विभिन्न मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके ई-ट्रांजिट पास और वास्तविक खनिज भार का मिलान किया गया।

जांच के दौरान पाया गया कि वाहनों में लदी रेत की मात्रा और ईटीपी में दर्ज मात्रा के बीच गंभीर अंतर था। निर्धारित सीमा से अधिक खनिज परिवहन किए जाने पर खनिज विभाग की टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त किए गए वाहनों में हाइवा क्रमांक CG-04-PB-6082 तथा डंपर क्रमांक MP-21-G-0686 और MP-21-H-0720 शामिल हैं। यह कार्रवाई ग्राम जोहिला क्षेत्र में की गई। जब्त वाहनों को पुलिस थाना एनकेजे में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग ने तीनों वाहनों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी मामलों को सुनवाई और दंडात्मक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनिज उत्खनन, ओवरलोडिंग और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING