
जबलपुर। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में प्रस्तावित नॉन इंटरलॉकिंग और अधोसंरचनात्मक निर्माण कार्य को रेलवे प्रशासन ने फिलहाल निरस्त कर दिया है।
बहरहाल इसके चलते जिन ट्रेनों को पहले एक-एक ट्रिप के लिए रद्द करने का निर्णय लिया गया था, वे अब अपने निर्धारित समय और मार्ग पर यथावत संचालित होंगी।
रेलवे द्वारा जारी संशोधित सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 22170 सांतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस 11 जून 2026 को अपने निर्धारित समय पर चलेगी। वहीं गाड़ी संख्या 20828 सांतरागाछी-जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस 10 जून 2026 को तथा गाड़ी संख्या 20827 जबलपुर-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस 11 जून 2026 को निरस्त नहीं होगी और नियमित रूप से संचालित की जाएगी रेलवे ने स्पष्ट किया है कि पूर्व में जारी ट्रेन निरस्तीकरण की अधिसूचना अब प्रभावी नहीं रहेगी।
हालांकि यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले एनटीईएस या रेल मदद हेल्पलाइन 139 के माध्यम से ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
फिलहाल रेलवे के इस फैसले से हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें ट्रेन रद्द होने की आशंका के चलते परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।






