
कटनी शहर में एक बार फिर फिटनेस, स्वच्छता और जनजागरूकता का उत्सव सजने जा रहा है। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आगामी 31 मई रविवार को प्रातः 7 बजे से मदन मोहन चौबे वार्ड स्थित डन कॉलोनी में राहगीरी डे कैंपेन 2026 का आठवां भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। नगर निगम की इस अनूठी पहल के तहत नागरिकों को खुले आसमान के नीचे स्वास्थ्य, मनोरंजन और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर वातावरण मिलेगा। कार्यक्रम में योग, जुंबा, साइकिल रेस, स्केटिंग, खेल प्रतियोगिताएं, डांस, रंगोली और मैजिक शो जैसी आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें सभी आयु वर्ग के लोग भाग ले सकेंगे।
इसके साथ ही फोर बिन प्रेजेंटेशन, प्लास्टिक प्रतिबंध जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, हस्ताक्षर अभियान और स्वच्छता शपथ के माध्यम से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से परिवार और मित्रों के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर स्वस्थ, स्वच्छ और जागरूक कटनी के निर्माण में अपनी सहभागिता निभाने की अपील की है।
लगातार लोकप्रिय हो रहा राहगीरी डे अब कटनी शहर में फिटनेस, सामाजिक सहभागिता और जनजागरूकता का एक प्रेरणादायी मंच बनता जा रहा है, जहां मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य और स्वच्छता का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जाता है।
“आइए, राहगीरी डे में शामिल होकर स्वस्थ शरीर, स्वच्छ शहर और बेहतर कल की ओर कदम बढ़ाएं।”






