भीषण गर्मी में राहत: बारडोली वेलफेयर सोसाइटी ने जनपद पंचायत बड़वारा में शुरू किया निःशुल्क शीतल प्याऊ केंद्र

कटनी। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से बारडोली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा विकासखंड बड़वारा के जनपद पंचायत परिसर में गुरुवार, 29 मई 2026 को निःशुल्क शीतल प्याऊ केंद्र (वाटर कूलर) का शुभारंभ किया गया।

क्षेत्र में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच रहा है, जिससे राहगीरों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सोसाइटी द्वारा आमजन की सुविधा एवं प्यास बुझाने के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई।

प्याऊ केंद्र का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष अनुराग गुप्ता तथा महेन्द्र जी की गरिमामयी उपस्थिति में फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत बड़वारा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित समस्त कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने बारडोली वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किए गए इस जनहितैषी कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में संस्था द्वारा आयोजित सामाजिक कार्यक्रमों में सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को यह संदेश भी दिया गया कि जिस प्रकार हम अपने घर की वस्तुओं का संरक्षण करते हैं, उसी प्रकार शासकीय एवं सामाजिक संस्थाओं की जनहित में स्थापित संपत्तियों की सुरक्षा और देखरेख करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वाटर कूलर का लंबे समय तक उपयोग सुनिश्चित करने के लिए उसके संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में बारडोली वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष आर.एल. चौधरी, रूपा बर्मन, माया गुप्ता, कार्यक्रम अधिकारी शिवकुमार चौधरी, काशी विश्वकर्मा, राजेश कुमार चौधरी, रविकांत राय, गोविंद बर्मन सहित संस्था के समस्त सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता एवं महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING