
कटनी। मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए अब स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य केशव कमल मोहनानी ने पश्चिम मध्य रेलवे के आईजी जबलपुर को पत्र लिखकर मुड़वारा स्टेशन में स्थायी आरपीएफ पोस्ट खोलने की मांग की है।
इस संबंध में कार्रवाई हेतु पत्र की प्रतिलिपि खजुराहो लोकसभा सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा को भी मेल के माध्यम से भेजी गई है। वहीं जीएम पश्चिम मध्य रेलवे के दिलीप कुमार तथा डीआरएम जबलपुर को भी पत्र प्रेषित किया गया है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 15 से 20 हजार यात्रियों का आवागमन होता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के बावजूद स्टेशन परिसर में स्थायी आरपीएफ चौकी नहीं होने से लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
बताया गया कि पहले स्टेशन के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से आरपीएफ चौकी संचालित होती थी, लेकिन वर्तमान में मुख्य थाने से सीमित संख्या में आरपीएफ बल भेजा जाता है। स्टेशन का क्षेत्रफल बड़ा होने और प्लेटफार्मों की संख्या अधिक होने के कारण ड्यूटी कर रहे जवानों पर अतिरिक्त दबाव साफ देखा जा सकता है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि यदि मुड़वारा स्टेशन पर अलग से आरपीएफ थाना या पोस्ट स्थापित की जाती है तो सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
इससे असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने में आसानी होगी और यात्रियों को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।
इसके अलावा स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आरपीएफ हेल्पलाइन नंबर जारी करने की भी मांग की गई है।
ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्री तुरंत रेलवे पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकें क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की निगरानी के लिए मुड़वारा स्टेशन में आरपीएफ पोस्ट की स्थापना अब बेहद जरूरी हो चुकी है।







