“कैमोर में साइबर ठगों का बड़ा खेल: युवक के खाते से 3.14 लाख पार, UPI के जरिए ऐसे लगाया चूना!”

कटनी।कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां साइबर अपराधियों ने एक युवक के बैंक खाते से चुपचाप लाखों रुपये निकाल लिए। पीड़ित को तब तक भनक नहीं लगी, जब तक मोबाइल पर ट्रांजैक्शन मैसेज नहीं आने लगे। मामला सामने आने के बाद पुलिस और साइबर सेल अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जानकारी के मुताबिक कैमोर के खलवारा बाजार तिलक चौक निवासी 34 वर्षीय विनीत गुप्ता के साथ यह साइबर फ्रॉड हुआ। बताया जा रहा है कि 12 अप्रैल की सुबह 10 बजे से लेकर 15 अप्रैल की दोपहर 3 बजे के बीच शातिर ठगों ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए विनीत गुप्ता के बैंक खाते से कुल 3 लाख 14 हजार रुपये निकाल लिए।

पीड़ित को शुरुआत में किसी तरह की जानकारी नहीं लगी, लेकिन जब मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के मैसेज आए तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने तत्काल बैंक पहुंचकर ट्रांजैक्शन डिटेल निकलवाई और फिर कैमोर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कैमोर थाना पुलिस ने अज्ञात UPI खाताधारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें धोखाधड़ी, पहचान छुपाकर ठगी करने और उगाही से जुड़ी धाराएं शामिल हैं।

पुलिस ने इस पूरे मामले की तकनीकी जांच जिला साइबर सेल को सौंप दी है। अब साइबर एक्सपर्ट्स उस UPI आईडी और बैंक खातों को ट्रेस कर रहे हैं, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात किसी अंतरराज्यीय साइबर गैंग द्वारा अंजाम दी गई है, जो फर्जी दस्तावेजों से खोले गए बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या UPI रिक्वेस्ट पर भरोसा न करें और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें फिलहाल कैमोर पुलिस और साइबर सेल आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। अब देखना होगा कि हाईटेक ठगों का यह गिरोह कब तक पुलिस गिरफ्त में आता है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING