“स्वच्छ और स्वस्थ कटनी की ओर बढ़ते कदम, 17 मई को होगा “राहगीरी डे 2026” का भव्य आयोजन” 

कटनी शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी लगातार जनसहभागिता आधारित अभिनव पहल कर रहा है। इसी कड़ी में रविवार 17 मई को नेहरू वार्ड स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी प्रवेश द्वार से हाउसिंग बोर्ड मैदान तक “राहगीरी डे कटनी 2026” का छठवां आयोजन उत्साह और ऊर्जा के साथ किया जाएगा।

सुबह 7 बजे से 8:30 बजे तक चलने वाला यह आयोजन केवल मनोरंजन या फिटनेस कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि “स्वच्छ कटनी-स्वस्थ कटनी” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने वाला एक प्रेरणादायी सामाजिक अभियान बनेगा।

सुबह की ताजगी भरी फिजाओं के बीच आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में शहरवासी स्वास्थ्य, स्वच्छता और सकारात्मक जीवनशैली के रंगों में रंगे नजर आएंगे। आयोजन स्थल पर कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से नागरिकों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और शारीरिक व मानसिक रूप से सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल को प्लास्टिक मुक्त एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। साथ ही लोगों को सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

राहगीरी डे में बच्चे, युवा, महिलाएं और वरिष्ठजन सभी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। यह आयोजन लोगों को यह संदेश देगा कि स्वच्छ शहर और स्वस्थ जीवनशैली केवल व्यक्तिगत जरूरत नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है।

नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ इस प्रेरणादायी कार्यक्रम में शामिल होकर स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनभागीदारी के इस अभियान को सफल बनाएं तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave a Comment