
कटनी, 08 मई। जल संरक्षण और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। शनिवार 9 मई को शाम 4:30 बजे मसुरहा घाट में ‘जल गंगा संवर्धन एवं स्वच्छता अभियान’ का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना और स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराना है।
कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण विषय पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी, वहीं महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा स्वच्छता से जुड़े उत्पादों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के जरिए नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा और उन्हें स्वच्छता की शपथ भी दिलाई जाएगी।
नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।






