
कटनी। पुलिस विभाग में दीर्घकालीन एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले चार अधिकारियों को आज सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सेवा-निवृत्ति के इस अवसर पर आयोजित समारोह भावनाओं और सम्मान से भरपूर रहा सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में उप पुलिस अधीक्षक मोहिनी परस्ते (थाना प्रभारी अजाक), कार्यवाहक उप निरीक्षक धनंजय पांडे (थाना बहोरीबंद), कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक रमेश शरण मिश्रा (थाना कोतवाली) एवं कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक मनसुख लाल (थाना कुठला) शामिल हैं। चारों अधिकारियों ने 30 अप्रैल 2026 को
अधिवार्षिकीय आयु पूर्ण कर अपनी सेवाएं पूर्ण कीं।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने सभी अधिकारियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए परिजनों से भी आत्मीय चर्चा की।
डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा ने अपने संबोधन में सेवानिवृत्त अधिकारियों को जीवन के नए चरण में स्वस्थ रहने, रुचिपूर्ण कार्यों में सक्रिय रहने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी।
इस अवसर पर थाना प्रभारी कुठला राजेंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे एवं थाना प्रभारी बहोरीबंद विजय विश्वकर्मा ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के सेवाकाल के दौरान किए गए उत्कृष्ट कार्यों का उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि इन अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में अनुशासन, निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की मिसाल पेश की, जो आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया, डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत सहित विभिन्न थाना प्रभारियों, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के स्टाफ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन भावुक पलों के साथ हुआ, जहां सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना की।









