
कटनी। स्वच्छता हमारे जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे लेकर सरकार भी लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। लेकिन जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है।
दरअसल, यह तस्वीरें कटनी के मुड़वारा रेलवे स्टेशन की हैं, जहां प्रतिदिन हजारों यात्रियों का आना-जाना लगा रहता है। एक ओर रेलवे प्रशासन सफाई व्यवस्था पर लाखों रुपए खर्च कर रहा है और ठेके के माध्यम से सफाई कराई जा रही है, वहीं दूसरी ओर ठेकेदार की अनदेखी साफ नजर आ रही है।
मुड़वारा रेलवे स्टेशन का वायरल वीडियो
हालात यह हैं कि प्लेटफॉर्म की मुख्य जगहों की सफाई तो कर दी जाती है, लेकिन कचरे को डस्टबिन में डालकर लंबे समय तक वहीं छोड़ दिया जाता है। कई बार यह कचरा एक-दो दिन तक जमा रहता है, जिससे बदबू और सड़न फैलने लगती है।
इतना ही नहीं, कचरा गाड़ियों में भरकर उसे प्लेटफॉर्म के किनारों पर खड़ा कर दिया जाता है, जिसे समय पर निस्तारित नहीं किया जाता। इससे यात्रियों के आसपास गंदगी का माहौल बना रहता है।
मुड़वारा रेलवे स्टेशन पर कुल पांच प्लेटफॉर्म हैं और लगभग सभी प्लेटफॉर्म पर गंदगी की स्थिति साफ देखी जा सकती है। प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों का कहना है कि इस तरह फैली गंदगी से बदबू आती है और संक्रमण का खतरा भी बना रहता है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में सवाल उठता है कि जब रेलवे सफाई पर मोटी रकम खर्च कर रहा है, तो फिर इसका सही लाभ क्यों नहीं मिल पा रहा है।
अगर स्वच्छता के आधार पर मुड़वारा रेलवे स्टेशन को ग्रेड दिया जाए, तो शायद यह शून्य के आसपास ही होगा। अब देखना यह होगा कि रेल प्रशासन इस गंभीर समस्या पर क्या संज्ञान लेता है और कब तक यात्रियों को इस गंदगी से राहत मिल पाती है।






