“ABVP की मांग पर एक्शन—लाइब्रेरी में सुधार शुरू..“वेंकट लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं पर नगर निगम का जवाब—मरम्मत जारी, पानी पूरी तरह शुद्ध”

कटनी। शहर की वेंकट लाइब्रेरी में वाटर कूलर, ए.सी. और पेयजल टंकी की सफाई को लेकर उठे मुद्दे पर अब नगर निगम प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) द्वारा शुक्रवार को सौंपे गए ज्ञापन के बाद निगम ने बताया कि छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं।

लाइब्रेरी प्रभारी एवं नगर निगम के सहायक यंत्री आदेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि वाटर कूलर और ए.सी. में आई खराबी की शिकायत मिलते ही दो दिन पहले ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया था। वर्तमान में भी सुधार कार्य जारी है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पेयजल व्यवस्था को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि लाइब्रेरी की पानी की टंकी की नियमित सफाई कराई जाती है। करीब 25 दिन पहले ही टंकी की सफाई कराई गई थी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर टैंकर के माध्यम से भी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में उपलब्ध पानी पूरी तरह शुद्ध और पीने योग्य है।

नगर निगम का कहना है कि वेंकट लाइब्रेरी में बेहतर और व्यवस्थित माहौल बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि छात्रों को पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण मिल सके।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING