
कटनी, 4 अप्रैल। जिले में मिलावट के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुठला स्थित उत्तम ट्रेडर्स के खाद्य तेल गोदाम और कारखाने पर छापे मार कार्यवाही की।
कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिससे खाद्य सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की टीम ने प्रोप्राइटर अतुल सचदेवा के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया।
मौके पर विभिन्न ब्रांडों के खाद्य तेल की पैकेजिंग गतिविधियां संचालित पाई गईं।
जांच के दौरान गोदाम में कई नामी कंपनियों के भरे और खाली टीन व प्लास्टिक डिब्बों का भारी स्टॉक मिला। इनमें सुपरलाइट, केसरी पुष्प, कली, उत्तम, महाकोश, सिक्का सरसों, दो फूल, न्यूट्रीप्लस, विश्वास सहित कई ब्रांड शामिल हैं। साथ ही तुलसी, किंग्स, प्रभात, कमल फूल, जय गोल्ड और सेवन सेहत जैसे ब्रांडों के खाली डिब्बे भी बड़ी मात्रा में पाए गए, जिससे ब्रांडिंग में गड़बड़ी की आशंका गहराई।
मौके पर विभिन्न कंपनियों के स्टिकर भी बड़ी मात्रा में बरामद किए गए। इसके अलावा लगभग 24.920 मीट्रिक टन तेल से भरा टैंकर और एक अन्य लोडेड टैंकर भी खड़ा मिला। खाली डिब्बों से लदी गाड़ी भी परिसर में मौजूद थी।
निरीक्षण में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले, न ही गुणवत्ता जांच के लिए कोई प्रयोगशाला या तकनीकी स्टाफ मौजूद था। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब पाई गई और नापतौल विभाग से संबंधित जरूरी दस्तावेज भी अनुपस्थित मिले।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न ब्रांडों के तेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। इस पूरे मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रकरण तैयार कर अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच दल में तहसीलदार अजीत तिवारी, नायब तहसीलदार आशीष चतुर्वेदी, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी, ओ.पी. साहू, ब्रजेश विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









