“दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 4 आरोपी पकड़ाए – करीब 8 लाख के जेवरात बरामद” 

कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 7 लाख 94 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।

मामला 3 मार्च 2026 का है। ग्राम महगवां निवासी जगदेव प्रसाद हल्दकार ने स्लीमनाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे अपने छोटे भाई वासुदेव हल्दकार के घर होली की पूजा करने परिवार सहित गए थे। जब दोपहर करीब 2 बजे परिवार वापस घर लौटा तो मकान का दरवाजा खुला मिला और कमरे का ताला टूटा हुआ था। घर की अलमारी और बिस्तर पेटी में रखे सोने-चांदी के पुराने जेवरात और करीब 10 हजार रुपये नगद गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में स्लीमनाबाद थाना प्रभारी सुदेश कुमार सुमन ने टीम के साथ जांच शुरू की। संदेह के आधार पर गांव के कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली पुलिस ने इस मामले में दीपक उर्फ दीपू हल्दकार (27) निवासी महगवां, अर्पित उर्फ राज हल्दकार (22) निवासी महगवां, जगमोहन उर्फ मोहन उर्फ मंजा पटेल (27) निवासी पडरिया और पवन उर्फ मरहरण कोल (19) निवासी महगवां को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने सोने के हार, मंगलसूत्र, चेन, झुमकी, कंगन, अंगूठी, नथ और लोंग के साथ ही चांदी की आठ जोड़ी पायल, करधन, बिछिया सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 94 हजार रुपये बताई जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सुदेश कुमार सुमन, उपनिरीक्षक काशीराम झारिया, सहायक उपनिरीक्षक जुबेर अली, प्रधान आरक्षक प्रेमशंकर पटेल, आरक्षक आशीष पटेल, दीपक यादव, लखन पटेल और अचल कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING