
कटनी जिले के कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत नन्हवारा कला गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। बीती रात एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान आलोक गुप्ता (31 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक 11, खरखरी छैघरा थाना विजयराघवगढ़ का निवासी था। पुलिस के अनुसार आलोक गुप्ता और आरोपी सोनू कोल के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
आरोपी सोनू कोल, पिता सुभाष कोल, निवासी वार्ड क्रमांक 1 नन्हवारा कला ने इसी विवाद के चलते आलोक गुप्ता पर हमला किया। आरोप है कि आरोपी ने पत्थर से सिर कुचलकर आलोक की मौके पर ही हत्या कर दी और शव को नन्हवारा कला की बड़ी खदान के पास झाड़ियों में छिपा दिया झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही कैमोर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मामले की पुष्टि करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया ने बताया कि आरोपी सोनू कोल के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण पुरानी रंजिश सामने आया है। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी सहित मामले की गहन जांच जारी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






