
न्यूज़ वॉइस ऑफ इंडिया /
कटनी जिले से अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज जा रहा एक परिवार रास्ते में ही भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-30 पर मैहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलौरा के पास तेज रफ्तार तूफान वाहन हाईवे किनारे खड़े एक कंटेनर के पीछे जा घुसा।
इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर घायलों को कटनी रेफर किया गया। कटनी पहुंचने पर एक घायल ने दम तोड़ दिया, वहीं दो अन्य को जबलपुर रेफर किया गया, जहां एक और व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस प्रकार हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई।
मृतकों की पहचान संतलाल पटेल 55 वर्ष, राजा पटेल 32 वर्ष, मैकू पटेल 58 वर्ष और वाहन चालक जतन सिंह के रूप में हुई है। सभी मृतक कटनी जिले के पड़रिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया गया कि वाहन में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे और अपने दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज जा रहे थे। श्रद्धा और आस्था से शुरू हुई यह यात्रा मैहर पहुंचते-पहुंचते मातम में बदल गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। एक व्यक्ति वाहन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे स्थानीय ग्रामीणों और राहत दल की मदद से बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने निभाई मानवता, पुलिस मौके पर
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
मृतक के परिजन कटनी
हाईवे पर खड़े कंटेनर पर उठे सवाल
हादसे के बाद हाईवे किनारे खड़े कंटेनर को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कंटेनर किन परिस्थितियों में सड़क किनारे खड़ा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घायलों का इलाज जारी है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे सुरक्षा और लापरवाही की बड़ी कीमत को उजागर करता है।






