“राज्य शिक्षक संघ ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन, मांगें नहीं मानी गईं तो 9 जनवरी को आंदोलन की चेतावनी” 

कटनी। राज्य शिक्षक संघ मध्यप्रदेश के प्रांतीय महासचिव विपिन तिवारी एवं जिलाध्यक्ष सह प्रांतीय उपाध्यक्ष जे.पी. हल्दकार ने बताया कि संघ के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं के निराकरण हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रतिनिधि डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्लाहारे को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा की गई है।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता प्रदान करने, ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता समाप्त करने, 12 वर्ष एवं 24 वर्ष की प्रथम व द्वितीय क्रमोन्नति के आदेश जारी करने, क्रमोन्नति प्राप्त शिक्षकों के लंबित एरियर्स का तत्काल भुगतान, तथा अतिथि शिक्षकों की सेवाएं वर्षभर के लिए नियोजित कर दो माह से लंबित वेतन भुगतान जैसी महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि 8 जनवरी 2026 तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो राज्य शिक्षक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर 9 जनवरी को सांकेतिक धरना एवं ज्ञापन दिया जाएगा। साथ ही संघ का अगला बड़ा प्रदर्शन 25 दिसंबर को भोपाल में आयोजित होगा।
आज के ज्ञापन कार्यक्रम में जिलेभर के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर संवर्ग की एकता, एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला।

राज्य शिक्षक संघ के बैनर तले राज्य कर्मचारी संघ, आज़ाद अध्यापक संघ, शिक्षक संघ, शिक्षक कांग्रेस, कर्मचारी कल्याण कोष संघ, आज़ाद शिक्षा परिषद, ओपीएस संघ, अतिथि शिक्षक संघ सहित अनेक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विनीत मिश्रा, सूर्यकांत त्रिपाठी, पीतांबर शुक्ला, रमाशंकर तिवारी, संजय मिश्रा, संजीव ज्योतिषी, इलियास खान, राजू भैया सिंह, रवि सिंह, रश्मि खरे, राजश्री रैकवार, बैजंती यादव, शिवानी मिश्रा, अखिलेश पांडेय, त्रिलोक डेहरिया, राजीव शुक्ला, रामाधार सरावगी, साबिर खान, कंचन पांडेय, रमा यादव, मनीषा कांबले, सुलोचना सिंह, मीना सिंह, सुरजीत तिवारी, भारत राय, राजेंद्र राय, भरत यादव, राजेंद्र यादव, राकेश सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं शिक्षक साथी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

SANSKRITIIAS , IAS COACHING
[democracy id="1"]
SANSKRITIIAS , IAS COACHING