
कटनी। कोतवाली पुलिस ने शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को दोपहिया वाहन चोरी करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में वाहन चोरी पर प्रभावी नियंत्रण और चोरी गए वाहनों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के पालन में थाना प्रभारी कोतवाली राखी पाण्डेय ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और उन हॉटस्पॉट क्षेत्रों का विश्लेषण किया जहां लगातार वाहन चोरी की वारदातें सामने आ रही थीं। विशेष टीम बनाकर निगरानी भी बढ़ाई गई।
इसी दौरान 23 नवंबर को पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को दोपहिया वाहन चोरी करते हुए धर दबोचा। पूछताछ में आरोपी ने थाना क्षेत्र से छह मोटरसाइकिलें चोरी करने का अपराध स्वीकार किया। उसके मेमो के आधार पर सभी वाहन बरामद कर लिए गए।
चोरी गए वाहनों के संबंध में अप.क्र. 914/25, 934/25, 965/25, 966/25, 967/25 दर्ज हैं। इसके अलावा एक अन्य वाहन, जो वर्ष 2024 में चोरी हुआ था, उसे भी धारा 41(1)4 जा.फौ. के तहत जब्त किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोह में हड़कंप मचा हुआ है।






